कुशवाहा समाज की बैठक पूर्व विधायक उमाशंकर कुशवाहा ने कहा कोई भी समाज तब तक विकास नहीं कर सकता, जब तक अनुशासित तरीके से संगठित न हो

कुशवाहा समाज की बैठक पूर्व विधायक उमाशंकर कुशवाहा ने कहा कोई भी समाज तब तक विकास नहीं कर सकता, जब तक अनुशासित तरीके से संगठित न हो

देवकली। कुशवाहा समाज की बैठक का आयोजन देवकली में किया गया। इस दौरान पूर्व विधायक उमाशंकर कुशवाहा ने कहा कि आज हमारा समाज कई तरह की चुनौतियों का सामना कर रहा है। सामाजिक, आर्थिक व राजनैतिक तीनों मोर्चों पर हम काफी पीछे हैं। कोई भी समाज तब तक विकास नहीं कर सकता, जब तक अनुशासित तरीके से संगठित न हो। आज हमारी पहचान, अस्तित्व व सम्मान के सामने भी संकट है। इसको पुनः गौरवशाली स्थिति में स्थापित करने के लिए संगठित होकर संघर्ष करना ही एकमात्र रास्ता है, तभी हम अपने लक्ष्य को प्राप्त कर सकते हैं। कहा कि न्यायपालिका, पत्रकारिता तथा राजनैतिक क्षेत्र सहित अन्य संवैधानिक संस्थाओं में हमें जगह बनानी पड़ेगी और यह सिर्फ शिक्षा से ही संभव है। कहा कि शिक्षा ही विकास की कुंजी है। सारे विकास के दरवाजे इसी रास्ते से होकर गुजरते हैं। कहा कि हमारा समाज राजनैतिक क्षेत्र में काफी पिछड़ा है। इसी कारण हम आज तक उपेक्षित हैं। कहा कि जागरुक लोगों को बढ़-चढ़कर हिस्सेदारी के लिए आगे आना चाहिए। पूर्व जिलाध्यक्ष देवनाथ कुशवाहा ने कहा कि समाज ने जब-जब अंगड़ाई लिया है, देश व प्रदेश में सरकार बनाने व बिगाड़ने का काम किया है। हम गौतम बुद्ध, सम्राट अशोक, ज्योति राव फुले, सावित्री बाई फुले, शहीद जगदेव प्रसाद आदि के वंशज हैं। उन्होंने समाज में क्रांतिकारी परिवर्तन करने का काम किया। इस मौके पर राजेश मौर्य, राजनाथ कुशवाहा, नरेन्द्र मौर्य, रामवृक्ष कुशवाहा, प्रमोद मौर्य, अवधेश मौर्य, रामनरेश मौर्य, अशोक कुशवाहा, डॉ संजय कुशवाहा, शिवकुमार कुशवाहा, संतोष कुशवाहा, बबलू कुशवाहा, बेचन कुशवाहा, कृपाशंकर कुशवाहा, कमला कुशवाहा आदि रहे। संचालन राजपति कुशवाहा ने किया।