कोहरा के प्रभाव से अलग अलग सड़क दुर्घटना में नौ घायल
खानपुर।क्षेत्र में शनिवार की सुबह 2025 का पहला कोहरा पड़ा और वो इतना भीषण रहा कि थानाक्षेत्र में 3 विभिन्न जगहों पर गम्भीर सड़क हादसे हुए, जिसमें कुल 8 लोग घायल हो गए। उनमें एक युवक की हालत बेहद गम्भीर होने पर उसे वाराणसी के ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया।पहली घटना सादीभादी मोड़ स्थित न्यू लीलावती अस्पताल के सामने हुई, जहां घने कोहरे के कारण एक ट्रक सड़क किनारे खड़ी थी। इस बीच शनिवार की सुबह करीब 7 बजे पीछे से एक ट्रक आया लेकिन दृश्यता कम होने के कारण उसे खड़ी ट्रक दिखी नहीं और वो उससे टकरा गया। इस बीच उसके भी पीछे आ रहे एक डम्फर चालक को कोहरे के कारण कुछ दिखा नहीं और वो भी आगे टकराकर खड़ी ट्रक से टकरा गया। डम्फर की रफ्तार काफी अधिक होने से जहां उसके अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए, वहीं उसमें मौजूद चालक व खलासी बुरी तरह
घायल हो गए। इधर सबसे आगे पहले से खड़ा ट्रक मौके से फरार हो गया। मौके पर जुटी भीड़ ने डम्फर में मौजूद घायल चालक व खलासी को न्यू लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया। बाद में पहुंची पुलिस ने मुआयना किया।
दूसरी घटना भीमापार के जगदीशपुर में हुई। जहां कोहरे के कारण तेज रफ्तार चार पहिया की टक्कर से सैदपुर के नई सड़क त्रिमुहानी निवासी 35 वर्षीय कृष्णानंद गुप्ता मोहित पुत्र स्व ओमप्रकाश गुप्ता गम्भीर रूप से घायल हो गया। उसे फौरन सैदपुर सीएचसी लाया गया, जहां हालत बेहद गम्भीर देख मा सेंटर रेफर
कर दिया गया। मोहित डांस क्लासेस चलाता है। कोहरे के कारण तीसरी घटना नसीरपुर में हुई। जहां तेज रफ्तार ट्रक ने सवारियों से भरी टेम्पो को टक्कर मार दिया। घटना में टेम्पो में सवार मोहम्मदाबाद के यूसुफपुर निवासी 65 वर्षीय नंदलाल गुप्ता पुत्र शिवनाथ, उनकी पत्नी 62 वर्षीय गीता देवी, सिकंदरा निवासी 30 वर्षीय दीपक यादव पुत्र शिवाजी, लौलेहरा निवासी 16 वर्षीय अकित यादव पुत्र दिनेश व महुलिया निवासिनी 33 वर्षीय निर्मला देवी पत्नी सजीवन राम घायल हो गए। उन्हें फौरन सीएचसी लाया गया। जहां हालत गम्भीर होने पर निर्मला व गीता को रेफर कर दिया गया।




