निर्माणाधीन अंडरपास बना हादसे का कारण, बाइक सवार युवक 8 फीट गड्ढे में गिरकर गंभीर घायल

निर्माणाधीन अंडरपास बना हादसे का कारण, बाइक सवार युवक 8 फीट गड्ढे में गिरकर गंभीर घायल

दुल्लहपुर। दुल्लहपुर थाना क्षेत्र के जलालाबाद स्थित नेशनल हाईवे-124डी पर शहीद चौक के पास निर्माणाधीन अंडरपास एक बार फिर हादसे का कारण बन गया। अंडरपास के उत्तर दिशा में लगभग 8 फीट गहरा गड्ढा खुदा होने के बावजूद पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था न होने से सोमवार कि शाम को बड़ा हादसा हो गया।
जानकारी के अनुसार, निर्माण कार्य के चलते शंकरा रास्ता की ओर से साइड में एक तरफ से ही वाहनों का आवागमन हो रहा था। इसी दौरान जलालाबाद गांव निवासी रविंद्र पासवान (30 वर्ष) पुत्र स्विच पासवान बाइक से घर से जलालाबाद की ओर जा रहे थे। अचानक असंतुलन बिगड़ने से वह बाइक सहित सीधे 8 फीट गहरे गड्ढे में गिर पड़े। औंधे मुंह गिरने से उनके नाक व मुंह से खून बहने लगा और वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के करीब 20 मिनट बाद पुलिस व मौके पर मौजूद लोगों की मदद से घायल युवक को गड्ढे से बाहर निकाला गया और तत्काल एंबुलेंस के जरिए मऊ अस्पताल भेजा गया।
इस संबंध में थाना अध्यक्ष वागिश विक्रम सिंह ने बताया कि घायल को परिजनों के साथ एंबुलेंस से मऊ भेजा गया है। शिकायती पत्र प्राप्त होने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने निर्माण स्थल पर सुरक्षा इंतजामों की कमी पर नाराजगी जताते हुए प्रशासन से उचित बैरिकेडिंग व चेतावनी संकेत लगाने की मांग की है।