शॉर्ट सर्किट से इंडियन ऑयल के पेट्रोल टैंकर में लगी आग, पुलिस की तत्परता से टला बड़ा हादसा
रानू पाण्डेय की रिपोर्ट
खानपुर। चंदौली के अलीनगर स्थित इंडियन ऑयल डिपो से करीब 10 हजार लीटर पेट्रोल और 10 हजार लीटर डीजल लेकर एक टैंकर आजमगढ़ जा रहा था। मंगलवार देर रात बिहारीगंज-मेहनाजपुर मार्ग पर अनौनी गांव स्थित भारत लॉन के पास पहुंचते ही टैंकर की केबिन में शॉर्ट सर्किट से अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे केबिन को अपनी चपेट में ले लिया और ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं।टैंकर चालक अजीत कुमार (निवासी सकलडीहा) और उसके सहयोगी सुनील कुमार (निवासी अलीनगर) ने तत्काल वाहन से उतरकर अपनी जान बचाई। दोनों ने पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना देने के साथ ही टैंकर में मौजूद पोर्टेबल अग्निशमन यंत्र से आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया।सूचना मिलते ही खानपुर थानाध्यक्ष राजीव कुमार पाण्डेय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने तत्काल सुरक्षा व्यवस्था संभालते हुए आवश्यक कदम उठाए और राहत कार्य शुरू कराया। सूचना के बावजूद फायर ब्रिगेड की गाड़ी करीब एक घंटे बाद मौके पर पहुंची। इसके बाद पुलिस और दमकल कर्मियों ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया।गनीमत रही कि आग केवल केबिन तक ही सीमित रही और टैंकर में भरे करीब 20 हजार लीटर ज्वलनशील ईंधन तक नहीं पहुंची। इससे एक बड़ा हादसा टल गया। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



