भाकपा (माले) कार्यकर्ताओं ने निकाला मार्च, खानपुर पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप
रानू पाण्डेय की रिपोर्ट
खानपुर। भाकपा (माले) के बैनर तले बुधवार को करीब 50 कार्यकर्ताओं ने फरीदहां रेलवे स्टेशन से बहेरी डगरा तक विरोध मार्च निकालकर खानपुर पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इसके बाद आयोजित सभा में पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की गई।भाकपा (माले) के जिला सचिव ओमप्रकाश सिंह ने आरोप लगाया कि बीते 19 मई को खानपुर थाना क्षेत्र के उसराहा निवासी कन्हैया बिंद के साथ दबंगों ने मारपीट की थी। बीच-बचाव करने पहुंची उनकी पत्नी के साथ भी मारपीट की गई। घटना की सूचना पुलिस को दी गई और मेडिकल परीक्षण भी कराया गया, लेकिन पुलिस ने उनकी तहरीर पर मुकदमा दर्ज करने के बजाय उल्टे कन्हैया बिंद के खिलाफ ही मुकदमा दर्ज कर लिया। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर पीड़ित को न्याय दिलाने की मांग की।प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कार्रवाई की मांग की। इस मौके पर राजेश बनवासी, योगेंद्र प्रजापति, सत्येंद्र, नंदकिशोर, कन्हैया, सरोज यादव, आजाद, सुनीता सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।वहीं, खानपुर थाना प्रभारी रविंद्र सिरोही ने भाकपा (माले) द्वारा लगाए गए आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि 19 मई की घटना में कन्हैया बिंद द्वारा मारपीट किए जाने के संबंध में साक्ष्यों के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग विरोध प्रदर्शन के माध्यम से पुलिस पर दबाव बनाकर अपने पक्ष में मुकदमा दर्ज कराना चाहते हैं, जबकि पुलिस निष्पक्ष और विधिसम्मत कार्रवाई कर रही है।



