सर्पदंश से महिला की मौत, परिवार में कोहराम
सादात (गाजीपुर): सादात थाना क्षेत्र के मीरपुर सोनबरसा गांव में मंगलवार की देर शाम सांप के काटने से एक 50 वर्षीय महिला की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद से पीड़ित परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मिली जानकारी के अनुसार, मीरपुर सोनबरसा निवासी सोहन यादव की 50 वर्षीय पत्नी निर्मला देवी मंगलवार की शाम को घर में खाना बनाने जा रही थीं। उसी दौरान घर के दरवाजे पर काफी अंधेरा होने के कारण निर्मला देवी का पैर अचानक वहां मौजूद सांप पर पड़ गया। पैर पड़ते ही सांप ने उन्हें डस लिया। महिला के चिल्लाने पर परिवार और ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए। ग्रामीणों की मदद से परिजन आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (एक्वास पट्टी भीतरी) ले गए। अस्पताल में महिला की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें तुरंत वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। परिजनों के मुताबिक, वाराणसी ले जाते समय रास्ते में ही महिला की तबीयत ज्यादा बिगड़ गई और उन्होंने दम तोड़ दिया। मृतका अपने पीछे पति सोहन यादव और चार बच्चों (मुलायम, मुकेश, राकेश और एक बेटी) को रोता-बिलखता छोड़ गई हैं। बुधवार को परिजनों द्वारा मृतका का अंतिम संस्कार कर दिया गया।



