सैदपुर में कोटेदारों ने उपजिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन, 28 जुलाई को विधानसभा घेराव की दी चेतावनी
सैदपुर: ऑल इंडिया फेयर प्राइस डीलर्स एसोसिएशन के बैनर तले स्थानीय कोटेदारों ने बुधवार को उपजिलाधिकारी ज्योति चौरसिया को एक ज्ञापन सौंपा। इस ज्ञापन के माध्यम से कोटेदारों ने अन्य राज्यों की तर्ज पर उत्तर प्रदेश में भी मिनिमम इनकम गारंटी लागू करने और लाभांश (कमीशन) बढ़ाने की मांग की है। कोटेदारों ने अपनी समस्याओं को उजागर करते हुए कहा कि वर्तमान में उत्तर प्रदेश में मिलने वाला लाभांश अन्य राज्यों की तुलना में बेहद कम है। आज की इस कमरतोड़ महंगाई के दौर में इतने कम लाभांश से परिवार का भरण-पोषण करना पूरी तरह से कठिन हो गया है। जिला अध्यक्ष नरेंद्र पाल सिंह ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार कोटेदार पूरी ईमानदारी से राशन का वितरण करते हैं, लेकिन इसके बदले उन्हें मात्र 90 रुपये प्रति क्विंटल की दर से लाभांश मिलता है। इसके विपरीत, हरियाणा और दिल्ली में 200 रुपये प्रति क्विंटल, गोवा में 230 रुपये प्रति क्विंटल का लाभांश मिल रहा है, जबकि गुजरात में कोटेदारों के लिए 20 हजार रुपये की मिनिमम इनकम गारंटी योजना लागू है। कोटेदारों ने मांग की है कि उत्तर प्रदेश के कोटेदारों को भी इसी तरह मिनिमम इनकम गारंटी का लाभ दिया जाए। अगस्त से राशन वितरण ठप करने का अल्टीमेटमकोटेदारों ने प्रशासन और सरकार को चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों का जल्द समाधान नहीं किया गया, तो आगामी 28 जुलाई को वे विधानसभा का घेराव कर उग्र विरोध प्रदर्शन करेंगे। इसके बाद भी यदि कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो अगस्त महीने से राशन की उठान और वितरण कार्य का पूरी तरह से बहिष्कार किया जाएगा।इस ज्ञापन सौंपने के दौरान सैदपुर ब्लॉक अध्यक्ष महेश्वर पांडेय, देवकली ब्लॉक अध्यक्ष अनवर खान, कमलेश पांडेय सहित क्षेत्र के आदि कोटेदार मुख्य रूप से मौजूद रहे।



