ट्रेन के इंजन से टकराकर राष्ट्रीय पक्षी मोर की मौत, राजकीय सम्मान के साथ किया गया अंतिम संस्कार

ट्रेन के इंजन से टकराकर राष्ट्रीय पक्षी मोर की मौत, राजकीय सम्मान के साथ किया गया अंतिम संस्कार

रानू पाण्डेय की रिपोर्ट

खानपुर।औड़ीहार रेलवे स्टेशन पर गुरुवार सुबह भटनी-वाराणसी सिटी मेमू ट्रेन के इंजन में राष्ट्रीय पक्षी मोर का शव मिलने से रेलकर्मियों और यात्रियों में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद राजकीय सम्मान के साथ मोर का अंतिम संस्कार किया गया।जानकारी के अनुसार, भटनी से वाराणसी सिटी जा रही गाड़ी संख्या 65107 मेमू ट्रेन गुरुवार सुबह माहपुर रेलवे हाल्ट के पास से गुजर रही थी। इसी दौरान एक मोर उड़ते हुए ट्रेन के इंजन से टकरा गया। रन थ्रू गति से चल रही ट्रेन के कारण मोर इंजन के ऊपर लगी हाईटेंशन (एचटी) लाइन में फंस गया और करंट की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

ट्रेन के औड़ीहार रेलवे स्टेशन पहुंचने पर जीआरपी और रेलकर्मियों ने इंजन में फंसे मोर को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर सैदपुर रेंज के वन दरोगा निशिकांत सोनकर मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई कराई।

वन विभाग ने पशु चिकित्सकों से मोर का पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद राष्ट्रीय पक्षी होने के कारण विधि-विधान एवं राजकीय सम्मान के साथ उसका अंतिम संस्कार किया गया।