केबल बॉक्स जलने से 24 घंटे बिजली रही बाधित, दो दर्जन से अधिक गांवों के उपभोक्ता परेशान
रानू पाण्डेय की रिपोर्ट
खानपुर। मौधा और सौना फीडर का केबल बॉक्स जल जाने से अनौनी, करमपुर, शिवदासपुर, लौलहा, तराए, अमेदा, जमीन संदल सहित दो दर्जन से अधिक गांवों की विद्युत आपूर्ति करीब 24 घंटे तक बाधित रही। भीषण गर्मी और उमस के बीच बिजली गुल रहने से हजारों उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।बिजली बाधित रहने से पेयजल आपूर्ति प्रभावित रही, इनवर्टर जवाब दे गए और लोगों के दैनिक कार्यों के साथ-साथ व्यापारिक गतिविधियां भी प्रभावित हुईं। उपभोक्ताओं ने बताया कि शिकायत के बाद विभाग ने मरम्मत कार्य कर आपूर्ति बहाल की।ग्रामीणों ने बिजली विभाग से जले हुए केबल बॉक्स को तत्काल बदलने और विद्युत व्यवस्था को स्थायी रूप से दुरुस्त करने की मांग की है, ताकि बार-बार होने वाली इस समस्या से लोगों को राहत मिल सके।
जेई प्रेम प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि केबल बॉक्स की खराबी को ठीक कर दिया गया है। मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद सभी प्रभावित गांवों की बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है।



