मनरेगा बंद, वीबीजी-रामजी योजना के तहत मिलेगा मजदूरों को काम
रानू पाण्डेय की रिपोर्ट
खानपुर। महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) का संचालन 30 जून के साथ समाप्त हो गया है। अब गुरुवार से ग्रामीण क्षेत्रों में वीबीजी-रामजी (विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन-ग्रामीण) के तहत मजदूरों को रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। नई व्यवस्था के तहत ग्राम पंचायतों में विकास कार्य शुरू कराए जाएंगे।पहले चरण में जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन, तालाबों के विकास, पौधरोपण और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। योजना का उद्देश्य ग्रामीण श्रमिकों को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने के साथ प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण और ग्रामीण परिसंपत्तियों का सृजन करना है।प्रभारी बीडीओ ज्योति चौरसिया ने बताया कि मनरेगा के स्थान पर अब वीबीजी-रामजी योजना के तहत कार्य कराए जाएंगे। शासन से प्राप्त निर्देशों के अनुसार सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और गुरुवार से ग्राम पंचायतों में मजदूरों को काम दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि अधिक से अधिक श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए संबंधित अधिकारियों और ग्राम पंचायतों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं।



