सैदपुर में मुठभेड़: 25 हजार का इनामी हत्यारोपी नगीना वनवासी गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

सैदपुर में मुठभेड़: 25 हजार का इनामी हत्यारोपी नगीना वनवासी गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

सैदपुर : स्थानीय पुलिस ने बुधवार की देर रात एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए हत्या के मामले में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी मुख्य आरोपी को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी है, जिसके बाद उसे इलाज के लिए नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) भेजा गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं । 

चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़ - पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत क्षेत्राधिकारी रामकृष्ण तिवारी के नेतृत्व में प्रभारी निरीक्षक अनिल सिंह अपनी टीम के साथ सिकंदरपुर-बबुरीहनी स्थित गंगा नदी पुल के पास चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ महीनों पहले भइस्वर में हुई दास वनवासी की हत्या का मुख्य आरोपी नगीना वनवासी (पुत्र स्वर्गीय बुढई, निवासी: भइस्वर, थान: सैदपुर) कहीं भागने की फिराक में है।  सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी ने आत्मसमर्पण करने के बजाय टीम पर सीधे फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके से ही धर दबोचा। 

वर्तमान में बदल चुका था ठिकाना - पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम नगीना वनवासी बताया और कुबूल किया कि वह वर्तमान में करीमुद्दीनपुर के शेरशाह में रह रहा था। वह सैदपुर थाने में दर्ज 'दास वनवासी' की हत्या के मुकदमे में काफी समय से वांछित चल रहा था, जिस कारण उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

आरोपी का पुराना आपराधिक इतिहास  -  प्रभारी निरीक्षक अनिल सिंह ने बताया कि गिरफ्तार किया गया आरोपी शातिर किस्म का अपराधी है। वह इससे पहले साल 2016 में भइस्वर में ही हुई एक अन्य हत्या के मामले में भी जेल जा चुका है। पुलिस ने आरोपी को प्राथमिक उपचार दिलाने के बाद आगे की चिकित्सकीय देखभाल के लिए अस्पताल रेफर कर दिया है। फिलहाल पुलिस इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।   :इस कामयाब ऑपरेशन को अंजाम देने वाली टीम में कोतवाल संग एसएसआई प्रताप नारायण, हेड कांस्टेबल अमित सिंह, कांस्टेबल धर्मेंद्र कुमार व कांस्टेबल विनय सिंह शामिल रहे।