सफाई नायक पर दुर्व्यवहार का आरोप, सैदपुर नगर पंचायत कार्यालय पर सफाई कर्मियों का जोरदार प्रदर्शन
सैदपुर: सैदपुर नगर पंचायत के सफाई कर्मियों ने शुक्रवार की शाम को दूसरे पहर का सफाई कार्य रोककर नगर पंचायत कार्यालय के बाहर जोरदार धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने संविदा कर्मी सफाई नायक इंद्रजीत सोनकर पर दुर्व्यवहार और मारपीट के प्रयास का गंभीर आरोप लगाया है। सफाई कर्मचारियों का कहना है कि पुराने सफाई नायक के रिटायर होने के बाद नियुक्त किए गए संविदा कर्मी इंद्रजीत सोनकर ने उनके साथ मारपीट करने की कोशिश की और अपशब्दों का प्रयोग किया। आक्रोशित प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने मांग की है कि जब तक इंद्रजीत सोनकर को उसके पद से हटाया नहीं जाता, तब तक वे काम पर वापस नहीं लौटेंगे। मामले की गंभीरता और स्थिति को बिगड़ता देख नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी अर्जुन राजभर ने तुरंत हस्तक्षेप किया। उन्होंने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों की बातों को ध्यानपूर्वक सुना और उन्हें समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। अधिशासी अधिकारी ने कर्मचारियों को आश्वासन दिया कि भविष्य में किसी भी कर्मचारी के साथ दुर्व्यवहार करने वाले के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस ठोस आश्वासन के बाद सफाई कर्मचारियों ने अपना विरोध प्रदर्शन समाप्त कर दिया और वापस अपने काम पर लौट गए।अधिशासी अधिकारी अर्जुन राजभर ने बताया कि दोनों पक्षों को समझा दिया गया है। उन्होंने सफाई कर्मियों से यह भी कहा कि यदि भविष्य में उनके साथ कोई भी अभद्र व्यवहार होता है, तो वे व्यक्तिगत रूप से उनसे मिलकर इसकी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। मामले की पूरी जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।



