25 वर्षों तक मगरू बाबा मंदिर की सेवा करने वाले तिवारी बाबा का निधन, क्षेत्र में शोक
रानू पाण्डेय की रिपोर्ट
खानपुर। ग्राम गोपालपुर स्थित प्राचीन मगरू बाबा मंदिर के पुजारी तिवारी बाबा का निधन हो गया। वह पिछले 25 वर्षों से मंदिर में नियमित रूप से पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठानों का संचालन कर रहे थे। उनके निधन की खबर से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।तिवारी बाबा अपने सादगीपूर्ण जीवन, धर्म के प्रति समर्पण और समाज सेवा के लिए जाने जाते थे। उनके सान्निध्य में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना करते थे। ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने जीवनभर धार्मिक परंपराओं के संरक्षण और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।ग्राम प्रधान प्रतिनिधि पवन यादव, बृजेश कन्नौजिया सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने तिवारी बाबा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिजनों को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।



