एमएलसी विशाल सिंह चंचल के प्रस्ताव पर जर्जर पुलिया का निर्माण शुरू, वैकल्पिक मार्ग बनाया गया
रानू पाण्डेय की रिपोर्ट
खानपुर। क्षेत्र में जर्जर पुलियों के पुनर्निर्माण की दिशा में कार्य शुरू हो गया है। विधान परिषद सदस्य विशाल सिंह चंचल के प्रस्ताव पर खानपुर-टड़वा मार्ग पर देशी शराब ठीका के पास स्थित जर्जर पुलिया के निर्माण का काम प्रारंभ कर दिया गया है।लोक निर्माण विभाग के जूनियर इंजीनियर मनीष शुक्ला ने बताया कि लगभग 40 लाख रुपये की लागत से बनने वाली पुलिया के लिए टेंडर प्रक्रिया पहले ही पूरी हो चुकी थी। अब निर्माण कार्य शुरू होने के कारण पुराने मार्ग को बंद कर दिया गया है।यात्रियों और स्थानीय लोगों की सुविधा को देखते हुए पुलिया के किनारे नहर में दो ह्यूम पाइप डालकर अस्थायी सड़क तैयार की गई है। निर्माण कार्य पूरा होने तक इसी वैकल्पिक मार्ग से आवागमन जारी रहेगा। नई पुलिया बन जाने के बाद अस्थायी सड़क और ह्यूम पाइप हटा दिए जाएंगे।नई पुलिया के निर्माण से खानपुर-टड़वा मार्ग पर आवागमन सुरक्षित और सुगम होगा। बरसात के दौरान होने वाली दिक्कतों और दुर्घटनाओं की आशंका भी काफी हद तक कम होगी। स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य शुरू होने पर खुशी जताते हुए इसे क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण विकास कार्य बताया।



