जिऊली-देवमार्ग हाईवे पर सात ब्लैक स्पॉट, दो साल में 17 की मौत

जिऊली-देवमार्ग हाईवे पर सात ब्लैक स्पॉट, दो साल में 17 की मौत

रानू पाण्डेय की रिपोर्ट
बिहारीगंज से जियापुर दो साल में 150 से अधिक घायल, जंगली घास व सुरक्षा इंतजामों के अभाव से बढ़ रहा हादसों का खतरा

खानपुर। जिऊली-देवमार्ग स्टेट हाईवे पर बिहारीगंज से जियापुर तक करीब सात दुर्घटना संभावित (ब्लैक स्पॉट) घोंघवा,ददरा हनुमान मंदिर,सती माता मंदिर मोड़,अमेदा गांव,निठुरी मोड़, शिवदासपुर मोड़,भुजहुआ चौकी मोड़ चिन्हित हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार पिछले एक वर्ष में इस मार्ग पर हुई सड़क दुर्घटनाओं में 17 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 150 से अधिक लोग घायल हुए हैं। लगातार हो रहे हादसों से क्षेत्र के लोगों में चिंता बढ़ती जा रही है।ग्रामीणों का कहना है कि हाईवे के दोनों किनारों पर उगी घनी जंगली घास के कारण वाहन चालकों की दृश्यता प्रभावित होती है। कई स्थानों पर मोड़ और कट स्पष्ट दिखाई नहीं देते, जिससे तेज रफ्तार वाहनों के बीच दुर्घटनाएं हो जाती हैं। इसके अलावा आवश्यक स्थानों पर स्पीड ब्रेकर, चेतावनी संकेतक, रिफ्लेक्टर और अन्य सड़क सुरक्षा उपायों का अभाव भी हादसों की बड़ी वजह बन रहा है।स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से हाईवे किनारे उगी जंगली घास की नियमित सफाई कराने, दुर्घटना संभावित स्थानों पर स्पीड ब्रेकर एवं चेतावनी बोर्ड लगाने तथा अन्य आवश्यक सड़क सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में और गंभीर हादसे हो सकते हैं।

घटना नंबर एक 

23 मार्च 2026 को थाना क्षेत्र के स्टेट हाईवे हरिहरपुर गांव के पास रविवार को सड़क हादसे में ट्रैक्टर की चपेट में आने से चालक की मौत हो गई। सादात थाना क्षेत्र के रामपुर हरिवंश (इटवा) निवासी निरहू वनवासी (पुत्र वीरेंद्र वनवासी) ट्रैक्टर की चपेट में आने से मौत हो गई थी स्थानीय लोगों ने उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

घटना नंबर दो 

13 अप्रैल 2026 को गोपालपुर गांव के पास नेशनल हाईवे-31 पर सड़क हादसे में सैदपुर के फुलवारी कला निवासी गुलाब चंद यादव (52) की मौत हो गई। वह बाइक से अपनी भतीजी के विवाह का निमंत्रण देने सिधौना जा रहे थे। गोपालपुर के पास उनकी बाइक आगे चल रही एम्बुलेंस से टकरा गई, जिससे वह सड़क पर गिर पड़े और पीछे से आ रहे ट्रक की चपेट में आ गए। गंभीर हालत में उन्हें सीएचसी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।