कासिमाबाद बाईपास पर गिट्टी अनलोड करते समय पलटा 16 चक्का ट्रेलर, घंटों बाधित रहा आवागमन

कासिमाबाद बाईपास पर गिट्टी अनलोड करते समय पलटा 16 चक्का ट्रेलर, घंटों बाधित रहा आवागमन


मरदह। थाना क्षेत्र के कसहरी गांव से नोनरा गांव होते हुए कासिमाबाद बाईपास मार्ग पर एक बड़ा हादसा सामने आया है, जहाँ निर्माणधीन सड़क पर गिट्टी गिराने के प्रयास में एक 16 चक्का ट्रेलर अनियंत्रित होकर बीच सड़क पर ही पलट गया। इस हादसे के बाद मार्ग पर वाहनों का आवागमन घंटों पूरी तरह से ठप रहा।
मिली जानकारी के अनुसार, ट्रेलर मिर्जापुर से बोल्डर गिट्टी लेकर कासिमाबाद बाईपास के मरम्मत कार्य के लिए आया था। चालक ने प्रेशर के माध्यम से जैसे ही ट्रेलर की बॉक्स को ऊपर उठाकर गिट्टी गिराने का प्रयास किया, तभी अचानक भारी वाहन असंतुलित हो गया और बीच सड़क पर पलट गया। गनीमत रही कि चुनार निवासी चालक अवधेश बिन्द ने स्थिति को भांपते हुए समय रहते गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचा ली, जिससे कोई हताहत नहीं हुआ।
लगा लंबा जाम, राहगीर रहे परेशान
ट्रेलर के बीच सड़क पर पलटने के कारण कसहरी, जागोपुर और नोनरा से कासिमाबाद जाने वाले मुख्य मार्ग पर भारी जाम लग गया। इस दौरान स्कूल बसें, एम्बुलेंस और अन्य जरूरी सेवाओं के वाहन घंटों फंसे रहे, जिससे आम लोगों और स्कूली बच्चों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
ग्रामीणों ने निर्माण कार्य पर उठाए सवाल
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि निर्माणाधीन बाईपास पर मिट्टी बेहद नरम है और चौड़ीकरण का काम भी अधूरा पड़ा है। इसी लापरवाही की वजह से यह भारी ट्रेलर असंतुलित होकर पलटा। ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग (PWD) और संबंधित ठेकेदार से मांग की है कि सड़क के किनारों पर मिट्टी को मजबूत किया जाए और सुरक्षा के मद्देनजर ट्रैफिक डायवर्जन की उचित व्यवस्था की जाए।
घटना की सूचना मिलने पर क्रेन मौके पर पहुंची। घंटों की कड़ी मशक्कत और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच ट्रेलर को सड़क से हटाया गया, जिसके बाद ही यातायात व्यवस्था पुनः सामान्य हो सकी।