जन सेवा केंद्र संचालक को पिस्तौल दिखाकर धमकाने का आरोप, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

जन सेवा केंद्र संचालक को पिस्तौल दिखाकर धमकाने का आरोप, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

भांवरकोल । कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सभा झोटना में संचालित एक जन सेवा केंद्र पर पिस्तौल दिखाकर धमकाने और रुपये की मांग करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।  प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम सभा झोटना निवासी एवं जन सेवा केंद्र संचालक प्रभात मौर्य ने कोतवाली भांवरकोल में दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि गांव के मनोज सिंह उनके जन सेवा केंद्र पर पहुंचे और कथित रूप से पिस्तौल लहराते हुए रुपये की मांग की। आरोप है कि विरोध करने पर आरोपी ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।

पीड़ित की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कोतवाली भांवरकोल पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 351(3) तथा आयुध अधिनियम की धारा 30 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। प्रभारी निरीक्षक धर्मेन्द्र पांडेय ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की निष्पक्ष एवं गहन जांच की जा रही है। जांच के दौरान यदि अन्य तथ्य सामने आते हैं, तो उनके अनुरूप भी आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।