11 हजार वोल्ट की चपेट में आने से संविदाकर्मी की मौत, बिना सूचना शटडाउन हटाने का आरोप
15 दिन पहले बेटे का हुआ था जन्म, आक्रोशित ग्रामीणों ने दो घंटे तक लगाया जाम
खानपुर। थाना क्षेत्र के बहुरा मड़ई गांव निवासी संविदा विद्युतकर्मी धर्मेंद्र यादव उर्फ वकील यादव (30) पुत्र रामवध यादव की शनिवार को 11 हजार वोल्ट की लाइन पर मरम्मत कार्य के दौरान करंट लगने से मौत हो गई। परिजनों ने बिना सूचना शटडाउन समाप्त कर बिजली आपूर्ति बहाल करने का आरोप लगाया है। घटना से नाराज ग्रामीणों ने खानपुर विद्युत उपकेंद्र के पास बिहारीगंज-चंदवक मार्ग पर शव रखकर करीब दो घंटे तक चक्का जाम किया। प्रशासन के आश्वासन के बाद जाम समाप्त हुआ।जानकारी के अनुसार, धर्मेंद्र यादव शनिवार सुबह अहलादपुर गांव में 11 हजार वोल्ट की लाइन की मरम्मत करने गए थे। परिजनों के मुताबिक उनके सहयोगी द्वारा शटडाउन लिया गया था। इसके बाद धर्मेंद्र खंभे पर चढ़कर कार्य कर रहे थे। आरोप है कि कार्य पूरा होने से पहले ही बिना सूचना शटडाउन हटाकर बिजली आपूर्ति चालू कर दी गई, जिससे वह 11 हजार वोल्ट की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलसकर नीचे गिर पड़े।स्थानीय लोग उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खानपुर ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक अपने पीछे माता-पिता, पत्नी, दो वर्षीय पुत्री श्रीयांशी और 15 दिन के नवजात बेटे को छोड़ गए हैं।परिजनों का आरोप है कि हादसे के बाद विद्युत विभाग का कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। इससे नाराज ग्रामीणों ने शव रखकर सड़क जाम कर दिया। सूचना पर थानाध्यक्ष राजीव कुमार पाण्डेय, उपजिलाधिकारी ज्योति चौरसिया, तहसीलदार हिमांशु सिंह और क्षेत्राधिकारी रामकृष्ण तिवारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने सरकारी सहायता, परिवार के एक सदस्य को संविदा पर रोजगार दिलाने का प्रयास तथा मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद करीब दो घंटे बाद जाम समाप्त हुआ।पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।
भाई की तहरीर पर एसएसओ, जेई व लाइनमैन नामजद
खानपुर। संविदा कर्मी धर्मेंद्र यादव की करंट लगने से हुई मौत के मामले में मृतक के भाई जितेंद्र यादव की तहरीर पर खानपुर पुलिस ने उपकेंद्र पर तैनात एसएसओ नागेंद्र यादव, जेई सूर्यनाथ राम और लाइनमैन प्रभुराम के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि शटडाउन लेने के बावजूद साजिशन बिजली आपूर्ति चालू कर दी गई, जिससे धर्मेंद्र यादव की करंट की चपेट में आकर मौत हो गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
खानपुर पावर हाउस से जुड़े हादसों में दो दशक में चार की मौत, आधा दर्जन से अधिक घायल
खानपुर। खानपुर विद्युत उपकेंद्र से जुड़े कार्यों के दौरान सुरक्षा में लापरवाही लगातार जानलेवा साबित हो रही है। बीते दो दशक में पावर हाउस से जुड़े विद्युत कार्यों के दौरान चार कर्मचारियों की करंट लगने से मौत हो चुकी है, जबकि आधा दर्जन से अधिक कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो चुके हैं।शनिवार को बहुरा गांव निवासी संविदा कर्मचारी धर्मेंद्र यादव (वकील) की 11 हजार वोल्ट लाइन पर कार्य के दौरान करंट लगने से मौत के बाद पुराने हादसे फिर चर्चा में आ गए। इससे पहले तेलियानी गांव के पंचम मल्लाह, केवड़ा के रामाश्रय यादव तथा आजमगढ़ निवासी विद्युत विभाग के सरकारी कर्मचारी विलाश राम की भी ड्यूटी के दौरान करंट लगने से जान जा चुकी है।स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई हादसों में सुरक्षा मानकों का पालन नहीं हुआ और शटडाउन व्यवस्था को लेकर भी गंभीर लापरवाही सामने आई। लोगों ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों पर कार्रवाई तथा विद्युत कार्यों में सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने की मांग की है।
घटना स्थल पर पहुंचे जनप्रतिनिधि, परिजनों को बंधाया ढांढस
संविदा विद्युतकर्मी धर्मेंद्र यादव उर्फ वकील की करंट लगने से हुई मौत की सूचना पर क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधि और समाजसेवी उनके घर पहुंचे। ब्लॉक प्रमुख हीरा सिंह यादव, अनिकेत सिंह, रामतेज पाण्डेय, कमलेश यादव (राय साहब) और प्रमोद यादव ने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने हरसंभव सहयोग का भरोसा देते हुए कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने और हर संभव मदद के लिए वे हमेशा साथ खड़े रहेंगे।



