अब 300 रुपये दिहाड़ी मिलेगी, 125 दिन के रोजगार की गारंटी

अब 300 रुपये दिहाड़ी मिलेगी, 125 दिन के रोजगार की गारंटी

रानू पाण्डेय की रिपोर्ट

खानपुर। ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार बढ़ाने के उद्देश्य से मनरेगा की जगह वीबी-जी रामजी (विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन-ग्रामीण) योजना की शुरुआत गुरुवार से की गई। योजना के तहत अब पात्र श्रमिकों को 300 रुपये प्रतिदिन मजदूरी और प्रत्येक पात्र परिवार को 125 दिनों के रोजगार की गारंटी दी जाएगी।हालांकि, सैदपुर विकास खंड की सभी 98 ग्राम पंचायतों में तकनीकी समस्या के कारण पहले दिन कोई कार्य शुरू नहीं हो सका। श्रमिक कार्यस्थलों पर पहुंचे, लेकिन ऑनलाइन तकनीकी दिक्कत के चलते कार्य प्रारंभ नहीं कराया जा सका।खंड विकास अधिकारी प्रभारी ज्योति चौरसिया ने बताया कि तकनीकी समस्या के कारण फिलहाल किसी भी ग्राम पंचायत में काम शुरू नहीं हो पा रहा है। समस्या का समाधान होते ही सभी ग्राम पंचायतों में कार्य शुरू करा दिया जाएगा।उन्होंने बताया कि योजना का उद्देश्य ग्रामीणों को अधिक रोजगार उपलब्ध कराना और उनकी आजीविका को मजबूत बनाना है। अधिकारियों के अनुसार पहले जहां मजदूरी 252 रुपये प्रतिदिन थी, उसे बढ़ाकर 300 रुपये कर दिया गया है। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि नई योजना से गांवों में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और पलायन में कमी आएगी।