पीछे से बोलेरो की टक्कर से महिला की मौत, शव पहुंचते ही उचौरी बाजार में मचा कोहराम
रानू पाण्डेय की रिपोर्ट
खानपुर। सर्ववेद मंदिर उमरहा के पास शनिवार शाम हुए सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई। मृतका के पति की तहरीर पर चौबेपुर पुलिस ने बोलेरो चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव जैसे ही खानपुर क्षेत्र के उचौरी बाजार स्थित आवास पर पहुंचा, परिजनों में कोहराम मच गया।खानपुर थाना क्षेत्र के उचौरी बाजार निवासी आजाद दर्जी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शनिवार शाम करीब 4:30 बजे वह अपनी पत्नी सोफिया (30) और तीनों बच्चों के साथ सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (UP61 BC 5519) से सर्ववेद मंदिर उमरहा गए थे। पार्किंग से बाहर निकलते समय पीछे से तेज रफ्तार और लापरवाही से आ रही बोलेरो (UP65 CM 4564) ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से सोफिया सड़क पर गिर गईं और बोलेरो की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गईं।स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।रविवार को पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही शव उचौरी बाजार स्थित घर पहुंचा, परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पति आजाद दर्जी का रो-रोकर बुरा हाल था। मृतका अपने पीछे दो बेटे और एक बेटी छोड़ गई हैं। मां की असमय मौत से मासूम बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना से पूरे उचौरी बाजार और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।पीड़ित की तहरीर के आधार पर चौबेपुर पुलिस ने बोलेरो चालक के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक जितेंद्र सिंह को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।



