15 फीट ऊंची बांस की सीढ़ी से गिरकर मजदूर की मौत
रानू पाण्डेय की रिपोर्ट
परिवार का इकलौता सहारा था जयराम, पिता की अर्थी से लिपटकर बिलख पड़ा मासूम बेटा
खानपुर। थाना क्षेत्र के शिवदासपुर ताता गांव में रविवार को बांस की सीढ़ी से गिरकर एक मजदूर की मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।गांव निवासी जयराम चौहान (40) पुत्र शंकर चौहान घर पर करीब 15 फीट ऊंची बांस की सीढ़ी पर चढ़कर काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर पड़े। गंभीर रूप से घायल जयराम को परिजन तत्काल एक निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया जयराम की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। वह परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे। उनके निधन से पत्नी गायत्री देवी, मां संभा देवी, पुत्र अर्जुन तथा पुत्रियां वैष्णवी और अंशु का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों के अनुसार जयराम मेहनत-मजदूरी कर पूरे परिवार का पालन-पोषण करते थे।
सोमवार को अंतिम संस्कार के दौरान पिता की अर्थी से लिपटकर मासूम अर्जुन फूट-फूटकर रो पड़ा। बेटे की चीत्कार सुनकर श्मशान घाट पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। ग्रामीणों ने शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।



