संविदाकर्मी धर्मेंद्र यादव के परिजनों से मिली 30 हजार की तत्काल सहायता 

संविदाकर्मी धर्मेंद्र यादव के परिजनों से मिली 30 हजार की तत्काल सहायता 

 

खानपुर। विद्युत स्पर्शाघात की दुर्घटना में जान गंवाने वाले संविदा विद्युतकर्मी धर्मेंद्र यादव के परिजनों से रविवार को मेसर्स ग्रिड पावर सिस्टम के प्रबंध निदेशक जी.पी. सिंह ने उनके आवास पहुंचकर मुलाकात की। उन्होंने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।धर्मेंद्र यादव की 4 जुलाई को उपकेंद्र खानपुर के नेवादा फीडर अंतर्गत आह्लादपुर गांव में ट्रांसफार्मर पर कार्य के दौरान करंट लगने से मौत हो गई थी। वह मेसर्स ग्रिड पावर सिस्टम के माध्यम से संविदा पर कार्यरत थे।
कंपनी की ओर से मृतक के पिता रामअवध यादव को तत्काल राहत के रूप में 30 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। साथ ही बताया गया कि मृतक की पत्नी को कर्मचारी भविष्य निधि (ईपीएफ), कर्मचारी राज्य बीमा (ईएसआई) तथा आजीवन पेंशन सहित सभी पात्र लाभ प्राथमिकता के आधार पर दिलाने की प्रक्रिया शुरू कराई जाएगी।कंपनी ने यह भी कहा कि उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीपीसीएल) की ओर से दुर्घटना बीमा के तहत मिलने वाली 10 लाख रुपये की सहायता राशि जल्द उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा परिवार के किसी पात्र सदस्य को भविष्य में संविदा पर रोजगार दिलाने के लिए भी नियमानुसार प्राथमिकता दिलाने का प्रयास किया जाएगा।ग्रिड पावर सिस्टम ने अपने बयान में कहा कि इस हादसे से पूरा कंपनी परिवार मर्माहत है और दुख की इस घड़ी में वह मृतक के परिजनों के साथ खड़ा है।