तेलियानी के बाबा विश्वनाथ पीजी कॉलेज में 300 छात्राओं को मिली साइकिल, ड्रेस व बैग
रानू पाण्डेय की रिपोर्ट
खानपुर। क्षेत्र के तेलियानी स्थित बाबा विश्वनाथ पीजी कॉलेज में रविवार को आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) विशाल सिंह 'चंचल' ने 300 छात्राओं को साइकिल, निःशुल्क ड्रेस और बैग वितरित किए। कार्यक्रम में छात्राओं और अभिभावकों की अच्छी-खासी मौजूदगी रही।एमएलसी विशाल सिंह चंचल ने कहा कि ग्रामीण एवं दूरदराज के क्षेत्रों की कई छात्राओं को उच्च शिक्षा प्राप्त करने में आवागमन सबसे बड़ी बाधा बनता है। इस समस्या को दूर करने और बेटियों को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से यह पहल की गई है। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही समाज और देश के विकास का सबसे मजबूत आधार है। संसाधनों के अभाव में किसी भी छात्रा की पढ़ाई बाधित नहीं होनी चाहिए। साइकिल मिलने से छात्राओं का कॉलेज आना-जाना आसान होगा और वे नियमित रूप से अपनी पढ़ाई जारी रख सकेंगी।उन्होंने छात्राओं से मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने परिवार व क्षेत्र का नाम रोशन करने का आह्वान किया। छात्राओं ने साइकिल, ड्रेस और बैग मिलने पर खुशी जताते हुए इसे उनके लिए उपयोगी पहल बताया।
कार्यक्रम में रामतेज पांडेय, परशुराम यादव, विजय शंकर सिंह, धीरज सिंह, कैलाश यादव, रामवचन यादव और लालबहादुर यादव सहित कॉलेज के शिक्षक, छात्राएं, अभिभावक एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे।



