संविदाकर्मी मौत प्रकरण: नामजद लाइनमैन गिरफ्तार, एसएसओ व जेई की तलाश जारी
खानपुर। संविदा विद्युतकर्मी धर्मेंद्र यादव की करंट लगने से हुई मौत के मामले में खानपुर पुलिस ने रविवार को नामजद आरोपी लाइनमैन प्रभु राम पुत्र सिरपत को खानपुर पावर हाउस से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।गौरतलब है कि नेवादा फीडर के अंतर्गत ट्रांसफार्मर पर कार्य के दौरान करंट लगने से संविदाकर्मी धर्मेंद्र यादव की मौत हो गई थी। मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने संबंधित एसएसओ, जेई और लाइनमैन प्रभु राम के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 105, 351(3) एवं 61(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया था। आरोप है कि बिना सूचना शटडाउन हटाकर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई, जिससे धर्मेंद्र यादव 11 हजार वोल्ट की लाइन की चपेट में आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।थानाध्यक्ष राजीव कुमार पाण्डेय ने बताया कि नामजद आरोपी लाइनमैन प्रभु राम को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में फरार एसएसओ और जेई की तलाश की जा रही है। पुलिस साक्ष्यों के आधार पर अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।



