सीएचसी के मुख्य गेट पर जलभराव, डॉक्टर आवास के पीछे बजबजाता गंदा पानी; संचारी रोग अभियान की खुली पोल

सीएचसी के मुख्य गेट पर जलभराव, डॉक्टर आवास के पीछे बजबजाता गंदा पानी; संचारी रोग अभियान की खुली पोल

रानू पाण्डेय की रिपोर्ट

खानपुर। एक ओर स्वास्थ्य विभाग संचारी रोगों की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चला रहा है, वहीं दूसरी ओर खानपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) परिसर की बदहाल व्यवस्था अभियान की हकीकत बयां कर रही है। सीएचसी के मुख्य प्रवेश द्वार पर जलभराव होने से मरीजों और तीमारदारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं डॉक्टरों के आवास के पीछे लंबे समय से गंदा पानी जमा होने से दुर्गंध फैल रही है और मच्छरों का प्रकोप बढ़ने की आशंका बनी हुई है।स्थानीय लोगों का कहना है कि अस्पताल परिसर में नियमित सफाई और जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण यह स्थिति बनी हुई है। बारिश के बाद हालात और भी खराब हो गए हैं। मरीजों को गंदे पानी से होकर अस्पताल में प्रवेश करना पड़ता है, जिससे संक्रमण फैलने का खतरा भी बना रहता है।क्षेत्रवासियों ने आरोप लगाया कि जब स्वास्थ्य केंद्र परिसर की ही यह स्थिति है तो संचारी रोग नियंत्रण अभियान की प्रभावशीलता पर सवाल उठना स्वाभाविक है। लोगों ने जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग से तत्काल जल निकासी, सफाई और फॉगिंग कराने की मांग की है, ताकि मरीजों और कर्मचारियों को राहत मिल सके।