इंतजार खत्म,आज बच्चों को मिलेगी डीबीटी
रानू पाण्डेय की रिपोर्ट
खानपुर। परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों के अभिभावकों का इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आठ जुलाई को वाराणसी से डीबीटी के माध्यम से यूनिफॉर्म, बैग, जूता-मोजा और स्टेशनरी के लिए प्रति छात्र 1200 रुपये की राशि अभिभावकों के बैंक खातों में भेजेंगे। सैदपुर के 15500 छात्र-छात्राएं इस योजना से लाभान्वित होंगे। सैदपुर में 179 प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक और कंपोजिट विद्यालय संचालित हैं।इनमें वर्तमान में 18 हजार छात्र पंजीकृत हैं। वहीं, स्कूल चलो अभियान के तहत करीब दो हजार नए बच्चों का नामांकन भी हुआ है। कक्षा दो से आठ तक के विद्यार्थियों का डेटा पहले से फीड है, जबकि नए नामांकित बच्चों का विवरण भी अपडेट किया जा चुका है।गर्मी की छुट्टियों के बाद विद्यालय खुलने के साथ ही बच्चे अब नए सत्र में पहुंच रहे हैं। डीबीटी की राशि मिलने के बाद अभिभावक बच्चों के लिए यूनिफॉर्म, बैग, जूते और मोजे की खरीद आसानी से कर सकेंगे। खंड शिक्षा अधिकारी उदय चंद राय ने बताया कि 15500 पात्र बच्चों का डेटा पोर्टल पर अपलोड कर दिया गया है। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का तहसील स्तर पर भी लाइव प्रसारण किया जाएगा। साथ ही 15 शिक्षकों को कैशलेस कार्ड भी वितरित किए जाएंगे।



