सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे की 42 कड़ी भूमि कुर्क, कीमत 19.27 लाख रुपये
रानू पाण्डेय की रिपोर्ट
खानपुर । अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खानपुर पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के आरोपी की अवैध रूप से अर्जित संपत्ति कुर्क की। पुलिस ने मंगलवार को न्यायालय के आदेश पर 42 कड़ी (170.1 वर्ग मीटर) भूमि को कुर्क करते हुए कब्जे में ले लिया। भूमि की अनुमानित सरकारी कीमत 19.27 लाख रुपये बताई गई है।पुलिस के अनुसार, थाना सैदपुर में गैंगस्टर एक्ट के तहत दर्ज मुकदमा संख्या 162/25 में आरोपी सुरेंद्र यादव पुत्र लालचंद यादव, निवासी तियरा, थाना मेहनाजपुर, जनपद आजमगढ़ के खिलाफ कार्रवाई की गई। जांच में सामने आया कि आरोपी ने चोरी समेत अन्य आपराधिक गतिविधियों से अर्जित धन से थाना मेहनाजपुर क्षेत्र के ग्राम तियरा में उक्त भूमि खरीदी थी।न्यायालय के आदेश पर गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के तहत कुर्की की कार्रवाई की गई। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले से चोरी, गैंगस्टर एक्ट और अन्य धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि अपराध से अर्जित संपत्तियों के विरुद्ध आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।



