अधूरी पड़ी पानी टंकी, सड़क पर बह रहा पेयजल; ग्रामीणों में नाराजगी
रानू पाण्डेय की रिपोर्ट
खानपुर। विकासखंड सैदपुर के छपरा गांव स्थित लोहजरा में जल जीवन मिशन के तहत बन रही पानी की टंकी का निर्माण कार्य अभी तक पूरा नहीं हो सका है। वहीं दूसरी ओर पाइपलाइन से पेयजल बेवजह सड़क और आसपास के क्षेत्रों में लगातार बह रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार सूचना देने के बावजूद जल निगम विभाग के जिम्मेदार अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।ग्रामीणों का कहना है कि एक ओर सरकार हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने के लिए करोड़ों रुपये खर्च कर रही है, वहीं दूसरी ओर विभागीय लापरवाही के कारण पानी बर्बाद हो रहा है। सड़क पर बहते पानी से राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।स्थानीय लोगों का आरोप है कि जल जीवन मिशन की यह परियोजना पिछले चार वर्षों से चल रही है, लेकिन इसकी रफ्तार बेहद धीमी है। सैदपुर विकासखंड की 98 ग्राम सभाओं में बन रही अधिकांश पानी टंकियों का निर्माण अब तक अधूरा पड़ा है, जिससे लोगों को योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है।ग्रामीणों ने जल्द निर्माण कार्य पूरा कराने, पानी की बर्बादी रोकने और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।



