रोहतक में गाजीपुर के सूरज और अश्वनी ने जीते रजत पदक, जिले का बढ़ाया मान

रोहतक में गाजीपुर के सूरज और अश्वनी ने जीते रजत पदक, जिले का बढ़ाया मान

रानू पाण्डेय की रिपोर्ट

खानपुर। हरियाणा के रोहतक में आयोजित अंडर-23 सीनियर राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता में गाजीपुर के दो पहलवानों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीतकर जिले और उत्तर प्रदेश का नाम रोशन किया। दोनों खिलाड़ियों की सफलता से जिले में खुशी का माहौल है।भुजाड़ी गांव निवासी सूरज ने 61 किलोग्राम भार वर्ग में उत्तर प्रदेश टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए सिल्वर मेडल अपने नाम किया। सूरज ने पहले दौर में तमिलनाडु के श्रीकांत को चित किया। दूसरे दौर में छत्तीसगढ़ के करण कुमार को 10-0 से, तीसरे दौर में सेना के शुभम को 7-4 से तथा सेमीफाइनल में मध्य प्रदेश के आयुष को 8-3 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। खिताबी मुकाबले में महाराष्ट्र के वैभव से 5-1 से पराजित होने के बाद उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा।वहीं, 70 किलोग्राम भार वर्ग में सराय मुबारक गांव निवासी अश्वनी यादव ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल जीता। अश्वनी ने पहले दौर में बिहार के सन्नी कुमार को 11-0, दूसरे दौर में हरियाणा के रिंकू को 7-4 तथा सेमीफाइनल में महाराष्ट्र के विपुल को 11-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल में सेना के नितिन से 4-0 से हारने के बावजूद उन्होंने रजत पदक अपने नाम किया।
मुलायम सिंह रामकरन दादा स्पोर्ट्स एकेडमी के निदेशक आशीष यादव 'राहुल' ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।दोनों पहलवानों की उपलब्धि पर क्षेत्र में खुशी की लहर है। जिला विद्यालय निरीक्षक प्रकाश सिंह, पूर्व विधान परिषद सदस्य डॉ. विजय यादव, समाजसेवी रामबचन यादव, पूर्व प्रधान अजय यादव, क्रीड़ा अधिकारी गाजीपुर देवी लाल यादव, गाजीपुर कुश्ती संघ के अध्यक्ष रामधार, सचिव कमलेश यादव, कुश्ती कोच प्रेमचंद्र, डॉ. रुद्र पाल, अखिलेश मास्टर, राजेश मास्टर, काशी सिंह, सचिव आकाश सिंह सहित अनेक लोगों ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।