सीएचसी खानपुर की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था, इलाज के लिए मरीज भटके, मूलभूत सुविधाओं का अभाव

सीएचसी खानपुर की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था, इलाज के लिए मरीज भटके, मूलभूत सुविधाओं का अभाव

रानू पाण्डेय की रिपोर्ट

खानपुर । सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) खानपुर की स्वास्थ्य सेवाओं की पड़ताल में कई गंभीर खामियां सामने आईं। अस्पताल में फार्मासिस्ट के अभाव में दवा वितरण व्यवस्था प्रभावित मिली, एक्स-रे मशीन लंबे समय से खराब पाई गई, जबकि मरीजों के लिए शुद्ध पेयजल और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं भी संतोषजनक नहीं मिलीं।पड़ताल के दौरान इलाज के लिए पहुंचे मरीजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। मरीज राजेश तिवारी ने बताया कि वह दोपहर करीब डेढ़ बजे इलाज कराने सीएचसी पहुंचे थे, लेकिन उन्हें यह कहकर लौटा दिया गया कि रविवार को केवल दुर्घटना के मरीजों का उपचार किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि इलाज नहीं मिलने से उन्हें बिना उपचार के ही वापस लौटना पड़ा।इस संबंध में डॉ. बृजेश कुमार ने बताया कि उनकी ड्यूटी इमरजेंसी में थी, इसलिए वह सामान्य मरीज को नहीं देख सके।पड़ताल में यह भी सामने आया कि अस्पताल में मरीजों के लिए शुद्ध पेयजल की समुचित व्यवस्था नहीं है। शौचालयों की स्थिति भी खराब मिली। वहीं, एक्स-रे मशीन लंबे समय से खराब होने के कारण मरीजों को जांच के लिए बाहर जाना पड़ रहा है।स्थानीय लोगों ने अस्पताल की बदहाल व्यवस्थाओं पर नाराजगी जताते हुए चिकित्सीय सुविधाएं बेहतर करने, एक्स-रे मशीन को शीघ्र चालू कराने तथा पेयजल और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है।