बारिश में चरमराई बिजली व्यवस्था, पूरी रात गुल रही आपूर्ति

बारिश में चरमराई बिजली व्यवस्था, पूरी रात गुल रही आपूर्ति

रानू पाण्डेय की रिपोर्ट

खानपुर। बारिश के दौरान आए फॉल्ट से मौधा और सौना फीडर की बिजली व्यवस्था शुक्रवार को चरमरा गई। फॉल्ट आने के बाद अनौनी, करमपुर, शिवदासपुर, लौलहा, तराए, अमेदा, जमीन संदल समेत दो दर्जन से अधिक गांवों की बिजली पूरी रात बाधित रही। शनिवार दोपहर करीब 12 बजे आपूर्ति बहाल होने पर उपभोक्ताओं ने राहत की सांस ली।बिजली आपूर्ति ठप रहने से हजारों उपभोक्ताओं को उमस भरी गर्मी में परेशानी झेलनी पड़ी। इनवर्टर जवाब दे गए, पेयजल संकट गहरा गया और किसानों की सिंचाई भी प्रभावित हुई। छोटे कारोबारियों का कामकाज भी प्रभावित रहा।ग्रामीणों का कहना है कि मौधा और सौना फीडर पर जर्जर तार और पुराने उपकरणों के कारण हल्की बारिश में भी फॉल्ट हो जाता है। विभाग हर बार मरम्मत कर आपूर्ति बहाल कर देता है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है। इससे आए दिन बिजली संकट बना रहता है।
अवर अभियंता प्रेम प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि फॉल्ट को ठीक कराने के बाद शनिवार दोपहर करीब 12 बजे बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई। वहीं ग्रामीणों ने जर्जर तारों और पुराने विद्युत उपकरणों को बदलने की मांग करते हुए कहा कि स्थायी समाधान नहीं होने पर बारिश के मौसम में यह समस्या लगातार बनी रहेगी।