सीएचसी खानपुर में अल्ट्रासाउंड सुविधा का अभाव, मरीजों को 10 किलोमीटर दूर करानी पड़ रही जांच
खानपुर । सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) खानपुर में अल्ट्रासाउंड जांच की सुविधा नहीं होने से मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। चिकित्सकों द्वारा अल्ट्रासाउंड की सलाह दिए जाने पर मरीजों को करीब 10 किलोमीटर दूर स्थित निजी जांच केंद्रों का रुख करना पड़ता है, जिससे समय और धन दोनों की अतिरिक्त लागत उठानी पड़ रही है।सीएचसी खानपुर पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। गर्भवती महिलाओं सहित पेट, किडनी और अन्य बीमारियों के मरीजों को अल्ट्रासाउंड जांच की आवश्यकता पड़ने पर बाहर भेज दिया जाता है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए निजी जांच केंद्रों पर जांच कराना कठिन साबित हो रहा है।क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि यदि सीएचसी पर अल्ट्रासाउंड की सुविधा उपलब्ध हो जाए तो हजारों मरीजों को राहत मिलेगी और अनावश्यक भागदौड़ से बचा जा सकेगा। मरीजों ने स्वास्थ्य विभाग से जल्द से जल्द सीएचसी में अल्ट्रासाउंड मशीन और विशेषज्ञ की व्यवस्था कराने की मांग की है। ऐसी सुविधाओं के अभाव में ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को अतिरिक्त दूरी तय कर निजी जांच केंद्रों पर निर्भर होना पड़ रहा है।



