जर्जर बिजली तार गिरने से पोखरी में फैला करंट, मछलियों समेत कई जीव-जंतुओं की मौत
भांवरकोल। क्षेत्र की ग्राम पंचायत चक अहमद कला गांव में बुधवार की रात बड़ी लापरवाही का नतीजा सामने आया। गांव के पूर्वी छोर स्थित लाल बाबू शर्मा की निजी पोखरी में जर्जर बिजली का तार गिर जाने से करंट फैल गया, जिससे पोखरी में मौजूद ढेर सारी मछलियां, सांप, मेंढक और अन्य जल-जीवों की मौके पर ही मौत हो गई।
ग्रामीणों ने तत्काल स्थानीय लाइनमैन को सूचना देकर तार को ठीक कराया। बताया जाता है कि उक्त पोखरी के ऊपर से बांस के सहारे एलटी लाइन का तार खींचा गया था, जो रात में टूटकर पोखरी में गिर गया।
पोखरी के स्वामी लाल बाबू शर्मा ने बताया कि उन्होंने करीब एक वर्ष पूर्व रघुवरगंज से सात किलोग्राम मछली के बच्चे खरीदकर इस पोखरी में छोड़े थे, लेकिन बिजली तार गिरने से सारी मछलियां मर गईं।
ग्रामीणों का कहना है कि बिजली विभाग की लापरवाही के चलते कई जगह जर्जर तार और बांस के सहारे खींची गई लाइनें खतरा बनी हुई हैं। विभाग की ओर से तार और खंभे बदलने के साथ-साथ जमीन पर बिछाई गई केबल को हटाने की कोई कोशिश नहीं की जा रही है, जो कभी भी किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।




