15 वर्षीय छात्र संदिग्ध परिस्थितियों में लापता, अनहोनी की आशंका
मुहम्मदाबाद (गाजीपुर): मुहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के सिलाईच गांव से एक 15 वर्षीय किशोर के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और उन्होंने किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस से मदद की गुहार लगाई है।
तड़के सुबह घर से निकला था छात्र - प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिलाईच गांव के रहने वाले मुन्ना राजभर का 15 वर्षीय पुत्र प्रशांत राजभर सोमवार तड़के सुबह करीब 4:00 बजे अचानक घर से निकला था। जब काफी देर तक वह वापस नहीं लौटा, तो परिजनों को चिंता हुई। दिनभर सगे-संबंधियों और संभावित ठिकानों पर तलाश करने के बाद भी जब देर शाम तक प्रशांत का कहीं पता नहीं चला, तो परिजनों ने मामले की सूचना स्थानीय पुलिस को दी।
जांच में जुटी पुलिस - परिजनों ने बताया कि प्रशांत मुहम्मदाबाद स्थित एक इंटरनेशनल स्कूल का छात्र है। वह बिना बताए घर से क्यों और कहां गया, इस बारे में फिलहाल कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। प्रशांत का सुराग न मिलने पर परेशान परिजनों ने किसी अनहोनी की आशंका जताई है। उन्होंने कोतवाली पुलिस को लिखित सूचना देकर किशोर की सकुशल बरामदगी के लिए गुहार लगाई है। पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए किशोर की तलाश में जुट गई है।



