गोरखपुर फोरलेन पर सड़क हादसा, खड़े ट्रेलर से टकराया दूसरा ट्रेलर; चालक बाल-बाल बचा

गोरखपुर फोरलेन पर सड़क हादसा, खड़े ट्रेलर से टकराया दूसरा ट्रेलर; चालक बाल-बाल बचा

जंगीपुर। वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन पर जंगीपुर थाना क्षेत्र के अरसदपुर के पास रविवार रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहाँ सड़क किनारे खड़े एक अज्ञात ट्रेलर में पीछे से आ रहे दूसरे ट्रेलर ने जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में ट्रेलर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, हालांकि चालक की जान बाल-बाल बच गई।

वाराणसी से गिट्टी लादकर जा रहा था वाहन - क्षतिग्रस्त ट्रेलर के चालक सुभाष कुमार (निवासी अहिरौला, मिर्जापुर) ने बताया कि वह वाराणसी की ओर से अपने ट्रेलर में गिट्टी लादकर आगे जा रहा था। जब वह अरसदपुर के पास पहुँचा, तो सड़क किनारे खड़े एक ट्रेलर से उसकी सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनके वाहन का अगला केबिन पूरी तरह पिचक गया। हादसे के तुरंत बाद, सड़क किनारे खड़ा अज्ञात ट्रेलर का चालक अपने वाहन सहित मौके से फरार हो गया।

यातायात सुचारू, कोई हताहत नहीं  - घटना की सूचना मिलते ही जंगीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुँची। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को सड़क के किनारे करवाकर जाम खुलवाया। जंगीपुर थानाध्यक्ष शिवमणि त्रिपाठी ने बताया कि इस हादसे में किसी के भी हताहत या घायल होने की सूचना नहीं है। फिलहाल हाईवे पर यातायात को पूरी तरह सुचारू रूप से संचालित कर दिया गया है।