वाइन शॉप के बाहर पटाखा विवाद बढ़ा, तीन लोग हुए घायल

वाइन शॉप के बाहर पटाखा विवाद बढ़ा, तीन लोग हुए घायल

रानू पाण्डेय 

खानपुर (गाजीपुर)। थाना क्षेत्र के खानपुर बाजार में रविवार की रात पटाखा जलाने को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट में बदल गया। घटना में तीन लोग घायल हो गए, जबकि एक कार को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, जौनपुर जनपद के थाना चंदवक क्षेत्र के पतरही गांव निवासी अमित कुमार सोनी पुत्र राजेश कुमार सेठ अपनी किया कार UP65 FR 2433 से अपने मित्र दीपक चौरसिया पुत्र विजय चौरसिया और चालक रामशरण शर्मा पुत्र अशोक शर्मा के साथ खानपुर बाजार स्थित कंपोजिट वाइन शॉप से अपने घर लौट रहे थे। रात करीब 10 बजे खानपुर तिराहे के पास गौरव सिंह उर्फ सोल्डी, शिवम सिंह, अविनाश सिंह और शुभम सिंह निवासी खानपुर, गाजीपुर ने कार रोककर तीनों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया और कार के शीशे तोड़ दिए। घटना में अमित सोनी, दीपक चौरसिया और रामशरण शर्मा को चोटें आईं। सभी का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खानपुर में कराया गया। पीड़ितों ने चारों हमलावरों के विरुद्ध थाना खानपुर में तहरीर दी है। घटना की वजह वाइन शॉप के बाहर पटाखा जलाने से जुड़ी है। रविवार रात लगभग 9 बजे गौरव सिंह और उनके साथियों द्वारा पटाखा जलाने पर वाइन शॉप के सेल्समैन अरविंद यादव और नीरज यादव ने आपत्ति जताई थी। इसी बात पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई थी, जो बाद में मारपीट में बदल गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।