सैदपुर में सपा मुखिया के साथ नजर आएंगे शिवपाल चाचा 

सैदपुर में सपा मुखिया के साथ नजर आएंगे शिवपाल चाचा 

रानू पाण्डेय

खानपुर।समाजवादी पार्टी के मुखिया व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव व चाचा शिवपाल यादव एक साथ लंबे अरसे के बाद एक बार फिर ग़ाज़ीपुर जिले में आ रहे हैं। सैदपुर विधानसभा में 2 स्थानों पर आगामी 30 अक्टूबर को उनका उड़नखटोला उतरेगा। सबसे पहले वो रामपुर मांझा में विधायक अंकित भारती के यहां जाएंगे, वहां से वो सपा के संस्थापक सदस्य रहे स्व रामकरन दादा के पुत्र पूर्व एमएलसी विजय यादव के घर जाएंगे। जिसके लिए सपा ने उनका मिनट टू मिनट प्रोटोकॉल जारी किया है। प्रोटोकॉल का अनुसार 30 अक्टूबर को पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव सुबह साढ़े 11 बजे वाराणसी से उड़कर दोपहर 12 बजे रामपुर मांझा के मटखन्ना स्थित रंगजी महाविद्यालय में बने हेलीपैड पर उतरेंगे। वहां से कार से वो दोपहर 12:20 पर विधायक आवास पर पहुंचेंगे। वहां 40 मिनट तक रुकने के बाद दोपहर 1 बजे चलकर 1:10 पर हेलीपैड पर पहुंचेंगे और वहां से 1:20 पर उड़कर दोपहर 1:30 पर सिधौना के रामकरन पीजी कॉलेज में बने हेलीपैड पर उतरेंगे। वहां से 1:40 पर कार से :1:50 पर ईशोपुर स्थित पूर्व एमएलसी विजय यादव के आवास पर पहुंचेंगे। जहां वो परिवार के लोगों से मिलेंगे। वहां भी 40 मिनट तक रुकने के बाद 2:30 पर कार से चलकर हेलीपैड पहुंचेंगे और दोपहर 2:50 पर हेलीकॉप्टर से वाराणसी के लिए रवाना हो जाएंगे। लंबे अरसे के बाद अपने दल के मुखिया को अपने बीच देखने व मिलने के लिए सपा कार्यकर्ताओं में बेहद हर्ष का माहौल है। सभी सपा नेता अपने स्तर से उनसे मिलने की तैयारियों में जुट गए हैं।