लगातार बारिश ने डीएलएड परीक्षार्थियों की ली परीक्षा
रानू पाण्डेय
खानपुर। क्षेत्र में पिछले 14 घंटों से जारी लगातार बारिश ने डीएलएड परीक्षार्थियों की परेशानियां बढ़ा दीं। भीगते हुए परीक्षार्थी परीक्षा केंद्रों तक पहुंचे, जिससे उन्हें भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। लगातार बारिश ने जहां सड़कें कीचड़ से भर दी वहीं परीक्षार्थियों की हिम्मत और सहनशक्ति की भी परीक्षा ले ली। दोपहिया वाहनों से आने वाले परीक्षार्थी को विशेष समस्या झेलनी पड़ी वे भींगते हुए परीक्षा केंद्र पर पहुंचे। बारिश के कारण कई परीक्षार्थियों के प्रश्न बैंक और प्रवेश पत्र भी भींग कर क्षतिग्रस्त हो गए। कई परीक्षार्थियों को ठंड और बुखार के लक्षण महसूस होने पर एंटी एलर्जिक व पेरासिटामोल जैसी दवाइयां लेनी पड़ीं। हालांकि, कुछ परीक्षार्थियों ने मौसम की स्थिति को देखते हुए पूरी तैयारी की थी। वे रेनकोट,छाता, तौलिया, गमछा और सूखे कपड़े लेकर परीक्षा केंद्र पहुंचे। परीक्षा केंद्रों के आसपास के घरों, धर्मशालाओं,दुकानों और मंदिरों में उन्हें कपड़े बदलने की सुविधा मिली। महिला परीक्षार्थियों के लिए नगर के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज समेत अन्य केंद्रों पर विशेष इंतजाम किए गए थे। परीक्षार्थियों ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि एक तो परीक्षा केंद्र दूर दूर बनाए गए हैं जिससे परीक्षार्थी पहले ही समस्या झेल रहे थे और खराब मौसम से दोहरी मार झेलनी पड़ी। मौसम विभाग ने पहले ही मोन्था चक्रवात को लेकर चेतावनी जारी की थी तो परीक्षा तारीखों को आगे बढ़ाना चाहिए था। विभाग को सोचना चाहिए कि आर्थिक रूप से कमजोर छात्र कैसे चार पहिया की व्यवस्था कर परीक्षा केंद्र पहुंचें।




