5 किलो 600 ग्राम गांजा के साथ महिला गिरफ्तार, गई जेल, पति फरार
बहरियाबाद। आमतौर पर नशे के सौदागर जैसा शब्द आते ही पुलिस सहित आमजन के भी दिमाग में किसी पुरूष अपराधी की ही छवि तैयार होती है। लेकिन अब नशे के कारोबार में पुरूषों के साथ ही महिला अपराधियों ने भी तेजी से इंट्री मार ली है। बीते दिनों कई जगहों पर शराब की तस्करी करते हुए पकड़ी गई महिला अपराधियों के बाद बहरियाबाद पुलिस ने गांजे का कारोबार करने वाली महिला को भारी मात्रा में गांजे के साथ गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने महिला के पास से 5 किलो 600 ग्राम गांजा भी बरामद किया। हालांकि उसका पति मौके पर नहीं मिला। जिसके बाद महिला को जेल भेज दिया गया है। एसओ केपी सिंह को काफी समय से सूचना मिल रही थी कि क्षेत्र में गांजे की बिक्री जैसा अवैध कार्य हो रहा है। जिसके बाद वो तस्करों की पहचान कर धरपकड़ करने में जुटे थे। इस बीच सूचना के आधार पर उन्होंने क्षेत्र के चौखड़ा (वृंदावन) गांव निवासिनी महिला तस्कर के घर पर पूरी फोर्स संग छापेमारी की और वहां से एक महिला को धर दबोचा। तलाशी में वहां से पुलिस को एक बोरी में रखा 5 किलो 600 ग्राम गांजा भी बरामद हुआ। जिसके बाद महिला को थाने लाया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम संगीता यादव पत्नी संजय यादव बताया। उसने बताया कि मेरे पति संजय यादव पुत्र स्व. कुहेश यादव गांजा लाते हैं और मैं उसकी छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर देती हूं, जिसे मेरे पति लोगों को बेच देते हैं। जिसके बाद गुरूवार की दोपहर डेढ़ बजे महिला को जेल भेज दिया गया। वहीं पुलिस फरार तस्कर की तलाश में जुट गई है। टीम में एसओ के साथ एसआई मनोज मिश्र, कां. कुलदीप सरोज, शिवम यादव, अनुराग वर्मा, अनुराम व नमिता यादव रहे।




