सड़क हादसे में 62 वर्षीय सेवा निवृत सेना के जवान की मौत

सड़क हादसे में 62 वर्षीय सेवा निवृत सेना के जवान की मौत

जमानिया। कोतवाली क्षेत्र के गायघाट तिराहा और नईबाजार मोड़ के बीच गुरुवार की सुबह करीब 5:30 बजे हुए सड़क हादसे में 62 वर्षीय सेवा निवृत सेना के जवान की मौत हो गई। दुर्घटना की खबर फैलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार धुस्का गांव निवासी सेवानिवृत्त सेना के जवान दरोगा सिंह (62) अपनी पत्नी लालबुची देवी को इलाज कराने के लिए तड़के बाइक से गाजीपुर जा रहे थे। रास्ते में सामने से आ रही तेज रफ्तार वाहन की रोशनी से बचने के प्रयास में उनकी बाइक अचानक सड़क के गड्ढे में चली गई, जिससे बाइक अनियंत्रित होकर गिर पड़ी। हादसे में दरोगा सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनकी पत्नी को हल्की चोटें आईं। घटना की सूचना मिलते ही परिजन तत्काल उन्हें वाराणसी के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां उपचार शुरू होने के कुछ ही देर बाद उन्होंने दम तोड़ दिया। मौत की खबर गांव पहुंचते ही कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। ग्रामीणों और शुभचिंतकों की बड़ी संख्या दरोगा सिंह के घर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त कर रही है। मृतक अपने पीछे पत्नी और तीन पुत्र—सोनू, धन्नू और मोनू सिंह का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग की स्थिति खराब है और गड्ढों की वजह से आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। लोगों ने प्रशासन से सड़क मरम्मत की मांग की है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि घटना की कोई जानकारी नहीं है। तहरीर प्राप्त होने पर कार्रवाई की जाएगी।