भारतीय हॉकी के शताब्दी वर्ष पर करमपुर में खेल उत्सव आयोजित
रानू पाण्डेय
खानपुर।भारतीय हॉकी खेल के सौ वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सैदपुर स्थित मेघबरन सिंह स्टेडियम, करमपुर में भव्य समारोह एवं हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मेघबरन सिंह हॉकी अकादमी की ऐतिहासिक विरासत और भारतीय हॉकी में उनके योगदान को श्रद्धापूर्वक याद किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सीओ सैदपुर रामकृष्ण तिवारी ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि गाँव के इस मैदान ने देश को ओलंपिक मेडलिस्ट और डिप्टी एसपी जैसे खिलाड़ी दिए हैं यह अकादमी की अद्भुत उपलब्धि और संस्थापक स्वर्गीय तेज बहादुर सिंह की दूरदृष्टि का परिणाम है। सीओ रामकृष्ण तिवारी ने बच्चों को नई हॉकी स्टिक्स भेंट कर प्रेरित भी किया।
इस दौरान विशिष्ट अतिथि के रूप में भारतीय हॉकी टीम के खिलाड़ी पवन राजभर और एशियन रेसलिंग चैंपियनशिप के पदक विजेता भीम यादव उपस्थित रहे। कार्यक्रम में स्टेडियम संचालक अनिकेत सिंह ने कहा कि तेज बहादुर सिंह ने करमपुर जैसी ग्रामीण धरती पर खेल की जो संस्कृति स्थापित की, उसने भारत को ओलंपिक और एशियन स्तर के खिलाड़ी दिए। वर्तमान निदेशक राधे मोहन सिंह उसी संकल्प को नई दिशा दे रहे हैं। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के खेल निदेशक आर.पी. सिंह और हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह के योगदान की भी सराहना की गई।
प्रतियोगिता में तीन रोमांचक मैच खेले गए जिसमें सीनियर वर्ग में MBS टीम B, जूनियर में MBS टीम A और महिला वर्ग में MBS गर्ल्स टीम B विजेता रहीं।




