ट्रेन में यात्रा कर रही फौजी के पत्नी का पर्स चोरी, आरोपी महिलाएं पुलिस हिरासत में
सादात। थाना क्षेत्र के डीहवां गांव निवासी फौजी चन्द्रविजय सिंह की पत्नी का शनिवार को दादर एक्सप्रेस से यात्रा करने के दौरान पर्स चोरी हो गया। पत्नी से घटना के बारे में जानकारी होने के बाद फौजी स्थानीय रेलवे स्टेशन पर उतरकर भाग रही कुछ महिलाओं को रोककर पूछताछ करने लगा। यह देखकर आसपास के लोग काफी संख्या में एकत्रित हो गए। जब उन महिलाओं तथा बच्चियों के बैग की तलाशी ली गई तो फौजी की पत्नी का पर्स बरामद हुआ, जिसमें से पैसा और आभूषण बरामद हुआ। फौजी ने डायल 112 पर फोन किया जिसके करीब पौन घंटे बाद पहुंची पुलिस दोनों महिलाओं और बच्चियों को महिला आरक्षी की मदद से थाने लेकर चली गई। उप निरीक्षक अनिरुद्ध द्विवेदी ने बताया कि आरोपी महिलाएं बिहार की रहने वाली हैं, जिनसे पूछताछ कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।




