मुलायम सिंह यादव के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यकर्ताओं ने जयंती समारोह का किया आयोजन
खानपुर।समाजवादी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष की तरफ से शनिवार की देर शाम को सिधौना पार्टी कार्यालय पर जयंती समारोह का आयोजन किया गया। इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री स्व. मुलायम सिंह यादव के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यकर्ताओं ने श्रद्धासुमन अर्पित किया। इसके साथ ही उनके बताए रास्ते पर चलने का संकल्प लिया।सपा के जिला उपाध्यक्ष आशीष राहुल यादव ने कहा कि मुलायम सिंह यादव ने समाजवादी पार्टी की नींव रखी, उसे सींचा और अपनी नेतृत्व क्षमता से देश की सबसे जमीनी और सशक्त पार्टी के रूप में स्थापित किया। उन्होंने एक ग्रामीण परिवेश से उठकर न सिर्फ केंद्रीय राजनीति में अपनी पकड़ बनाई, बल्कि रक्षा मंत्री, मुख्यमंत्री, जैसे बड़े संवैधानिक पदों को भी सुशोभित किया।
राष्ट्र हित में उनके अतुलनीय कार्यों को देखते हुए उनको पद्म विभूषण के सम्मान से भी नवाजा गया। आज हमें उनके विचारों को आत्मसात करते हुए उनके सपनों को पूरा करने के लक्ष्य की तरफ अग्रसर होना चाहिए।उन्होंने घोसी विधानसभा से विधायक रहे और वरिष्ठ समाजवादी नेता सुधाकर सिंह के असामयिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उनके निधन पर सभी ने दो मिनट का मौन रखकर गतात्मा की शांति के लिए ईश्वर से कामना की




