युवती ने ट्रेन के आगे कूद कर की आत्महत्या प्रेम प्रसंग होने का मामला

युवती ने ट्रेन के आगे कूद कर की आत्महत्या प्रेम प्रसंग होने का मामला

जमानियां। स्थानीय रेलवे स्टेशन पर बुधवार को अचानक एक युवती के ट्रेन के सामने कूद जाने पर अफरातफरी मच गई।  एक 22 वर्षीय युवती ने पटना अहमदाबाद रन थ्रू ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली।  आत्महत्या के पीछे प्रेम प्रसंग का मामला सामने आने की चर्चाएं हैं, पुलिस जांच के बाद ही सत्य सामने आएगा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्टेशन बाजार क्षेत्र की रहने वाली युवती स्टेशन के अप प्लेटफार्म पर एक समुदाय विशेष के युवक के साथ किसी बात को लेकर विवाद कर रही थी। इसी दौरान अप ट्रैक पर तेज रफ्तार से आ रही ट्रेन संख्या 19422 पटना–अहमदाबाद एक्सप्रेस प्लेटफार्म को पार करने ही वाली थी कि अचानक युवती इंजन के सामने कूद पड़ी। घटना इतनी तेजी से हुई कि कोई उसे बचा नहीं सका और मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। यह घटनाक्रम देखते ही युवक वहां से फरार हो गया।हादसा इतना भयावह था कि युवती का शव ट्रेन के इंजन में लगे कैटल गार्ड में फंस गया और ट्रेन उसे कई किलोमीटर तक घसीटती हुई आगे बढ़ती रही। चंदौली जनपद के पिपरदाहा गांव स्थित गेट संख्या 90/सी के पास जब गेटमैन की नजर इंजन के कैटल गार्ड में फंसे शव पर पड़ी, तो उसने तुरंत जमानियां स्टेशन को सूचना दी। सूचना मिलते ही ट्रेन बहोरा चंडील स्टेशन के पहले ही अप लाइन के किलोमीटर संख्या 714/27-29 पर रोक दी गई। इसके बाद आरपीएफ टीम ने कैटल गार्ड में फंसे शव को बाहर निकाला, जिसके बाद ट्रेन को आगे रवाना किया गया। घटना की सूचना पर दिलदारनगर जीआरपी प्रभारी जायदान सिंह तथा आरपीएफ उपनिरीक्षक नवीन सिंह मौके पर पहुंचे और पूरी घटना की जानकारी एकत्रित की। पुलिस का कहना है कि युवती की शिनाख्त की जा रही है तथा घटना के कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो पाएगी।