10 किलोमीटर की रफ्तार से चली शीतलहरी से बढ़ गई ठंड
रानू पाण्डेय
खानपुर।पहाड़ों पर वर्फवारी का असर जिले के मौसम पर भी दिखने लगा है। अब तक चल रही पुरवा हवा के पछुआ में तब्दील हो जाने से शीतलहरी चलने लगी है।10 किलोमीटर की रफ्तार से चली शीतलहरी से गुरुवार को दोपहर के बाद ठंड बढ़ गई। पछुआ चलने से कोहरे का प्रभाव कुछ कम अवश्य हुआ है लेकिन हाड़कंपाती ठंड शुरू हो गई। गुरुवार को जिले का अधिकतम तापमान 21 और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। एक सप्ताह में दो-दो डिग्री न्यूनतम और अधिकतम तापमान में गिरावट आई।पहाड़ी इलाकों से चल रही बर्फीली हवा से मैदानी क्षेत्रों में आम जनजीवन ठिठुर रहा है। पर्वतीय क्षेत्रों से चलने वाली उत्तर पश्चिम हवाएं मैदानी क्षेत्र में आकर शीतलहर बन जा रही है। भोर और रात को कोहरा छाने से जहां लोगों को वाहन चलाने में दिक्कत हो रही है।
वहीं, गलन से दो पहिया वाहन चलाने में भी खासी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। लोगों को सर्दी से राहत नहीं मिल पा रही है। लोग घरों से निकलने से पहले खुद को पूरी तरह गर्म कपड़ों से ढंककर निकल रहे हैं। सबसे ज्यादा परेशानी फुटपाथों और खुले स्थानों पर झोपड़ी लगाकर जीवन गुजर-बसर करने वालों को हो रही है। इनको ठंड से बचाने के लिए अभी तक जिला प्रशासन की ओर से अभी तक न तो रैन बसेरा बनाए गए हैं और न ही अलाव की व्यवस्था की। इससे इन लोगों के लिए रात काटना मुश्किल भरा है।




