सैदपुर में सरस्वती पूजा की तैयारी जोरों पर
रानू पाण्डेय
खानपुर।शुक्रवार को बसंत पंचमी के दिन ज्ञानदायिनी मां सरस्वती की पूजा को लेकर सैदपुर में तैयारियां जोरों पर हैं। पूरे क्षेत्र में पूजा समितियां पंडाल निर्माण और चंदा संग्रह में जुट गई हैं, जबकि मूर्तिकार देवी सरस्वती की प्रतिमाओं को अंतिम रूप देने में दिन-रात मेहनत कर रहे हैं। अनुमान के मुताबिक इस वर्ष सैदपुर क्षेत्र में 150 से 200 स्थानों पर भव्य पंडाल बनाकर सरस्वती पूजा का आयोजन किया जाएगा। पूजा को आकर्षक बनाने के लिए समितियों द्वारा नए डिजाइन के पंडाल तैयार किए जा रहे हैं। वहीं, आयोजन को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन भी सक्रिय हो गया है और पूजा समितियों व आयोजनों से संबंधित जानकारी एकत्र कर सुरक्षा व्यवस्था की रूपरेखा तैयार कर रहा है। स्थानीय के साथ-साथ पश्चिम बंगाल से आए मूर्तिकार भी सैदपुर में सक्रिय हैं। करीब आधा दर्जन स्थानों पर लगभग 200 प्रतिमाओं का निर्माण किया जा रहा है। इनमें से अधिकांश मूर्तियां पहले ही पूजा समितियों द्वारा बुक कर ली गई हैं। मूर्तियों की साज-सज्जा और रंग-रोगन का कार्य अंतिम चरण में है। प्रतिमाओं की कीमत 5 हजार से 20 हजार रुपये तक रखी गई है। तय कार्यक्रम के अनुसार गुरुवार और शुक्रवार को प्रतिमा को पंडालों में स्थापित किया जाएगा तथा बसंत पंचमी के दिन विधि-विधान से ज्ञान की देवी मां सरस्वती की आराधना की जाएगी।




