जिला कुश्ती संघ के उपाध्यक्ष बने डॉ. जय, संयुक्त सचिव राम आशीष
रानू पाण्डेय
खानपुर।उत्तर प्रदेश कुश्ती संघ के महासचिव सुरेशचंद्र उपाध्याय ने जिले में कुश्ती खेल के विकास को ध्यान में रखते हुए महत्वपूर्ण नियुक्तियां की हैं। उन्होंने पूर्वांचल के गांधी स्व. रामकरन यादव के कनिष्ठ पुत्र डॉ. जय यादव को गाजीपुर जिला कुश्ती संघ का जिला उपाध्यक्ष घोषित किया है। डॉ. जय खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के साथ खेल प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें मंच देने के लिए प्रयासरत रहते हैं। वहीं ईशोपुर स्थित रामकरन स्पोर्ट्स एकेडमी के कोच एवं खेल प्रशिक्षक रामआशीष यादव को जिला कुश्ती संघ का संयुक्त सचिव मनोनीत किया गया है। रामअशीष यादव वर्षों से कुश्ती के माध्यम से बच्चों और युवाओं को खेल के प्रति प्रेरित करने के साथ-साथ उन्हें अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक जीवन मूल्यों से जोड़ने का कार्य कर रहे हैं। स्कूली स्तर पर उनके प्रयासों से कई प्रतिभाएं आगे बढ़ रही हैं। प्रदेश महासचिव द्वारा दिए गए इस दायित्व को जिले में कुश्ती के लिए मील का पत्थर माना जा रहा है। दोनों पदाधिकारियों के संयुक्त प्रयास से प्रशिक्षण व्यवस्था, प्रतियोगिताओं के आयोजन और प्रतिभा निखार के कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद है। खेल जगत से जुड़े लोगों ने इस निर्णय का स्वागत किया है।




