यू जी सी कानून के विरोध में समाजसेवी मनोज सिंह के नेतृत्व में यू जी सी की अर्थी निकाली
रानू पाण्डेय
खानपुर।भारत के सभी विश्वविद्यालयों में लागू यूजीसी कानून के विरोध में गुरुवार सुबह 10.3 बजे नगर के सादात रोड स्थित गाँधी आश्रम से समाजसेवी मनोज सिंह के नेतृत्व में पच्चासो भाजपा समर्थकों ने यूजीसी की शवयात्रा निकाली और पैदल ही कफ़न में लपेटकर यूजीसी की अर्थी ले तहसील मुख्यालय पहुचे। जहाँ यूजीसी के अर्थी का सांकेतिक शवदाह किया गया और लोगों द्वारा सरकार के द्वारा लाए गए यूजीसी कानून के खिलाफ जमकर नारे बाजी की गई। इसके बाद राष्ट्रपति के नाम ज्ञापित पत्रक नायाब तहसीलदार अजय वर्मा को सौंपकर कानून को वापस लेने की मांग की।
बता दे की यूजीसी कानून के नए संशोधन का हर तरफ जमकर विरोध हो रहा है। इस दौरान बीते 26 जनवरी क़ो श्मशान में कफ़न लपेटकर इस कानून का जमकर विरोध किया गया था। इसी क्रम में गुरुवार को सैदपुर के सादात रोड स्थित गांधी आश्रम के सामने समाजसेवी मनोज सिंह के नेतृत्व में लोग जुटे। इसके बाद यूजीसी की बाकायदा अर्थी सजाकर व बड़ा पुतला लेकर जुलूस निकाला गया। जिसमें परम्परानुसार मनोज सबसे आगे पानी भरा मटका लेकर व लोहबान सुलगाकर चल रहे थे। वहां से सभी नारेबाजी करते हुए तहसील परिसर पहुंचे। वो मोदी सरकार मुर्दाबाद, अमित शाह मुर्दाबाद, धर्मेंद्र प्रधान मुर्दाबाद, यूजीसी कानून वापस लो, काला कानून वापस लो के नारे लगा रहे थे। इसके बाद तहसील में एसडीएम कार्यालय के बाहर अर्थी को रखकर चक्कर लगाया और मटके को वहीं फोड़ दिया। जिसके बाद अर्थी का सांकेतिक शवदाह किया। इसके बाद नायाब तहसीलदार अजय वर्मा को पत्रक सौंपकर कानून को वापस लेने की मांग की। कहा कि सरकार ने ये कानून पूरी तरह से पक्षपाती व एकतरफा बनाया है। कहा कि एक तरफ नरेंद्र मोदी एकजुट होने की बात कर कहते हैं कि एक हैं तो सेफ हैं तो दूसरी तरफ इस तरह के कानून बनाकर हिन्दू भाइयों को जातियों में बांटकर आपस मे लड़ाने का काम कर रहे हैं। कहा कि शिक्षा के मंदिर में इस तरह के कानून सरासर गलत है। कहा कि अगर ये कानून लागू करना है तो हर वर्ग के लिये लाया जाए। कहा कि अगर सवर्णों के साथ इस तरह की कोई घटना होती है तो वो कहाँ शिकायत करेगा, इसका भी फोरम बनाना चाहिए। कहा कि अगर सरकार ने इस कानून को वापस नहीं लिया या इसे सभी वर्गों के लिए नहीं बनाया तो 2027 के चुनाव में हम सरकार को समझा देंगे। ये भी कहा कि हमें योगी आदित्यनाथ से कोई परहेज नहीं है। इस दौरान अजित सिंह, शिवाज़ी सिंह, रिंकू सिंह, अजय सिंह, राहुल सिंह, सोनू पाण्डेय, पुनीत सिंह, रमेश यादव 'डब्लू' सहित अन्य लोग मौजूद रहे।




