पंडाल सजा रहे युवक की हाईटेंशन करंट से दर्दनाक मौत
सैदपुर : थाना क्षेत्र के भीमापार स्थित पहाड़पुर गांव में रविदास जयंती के लिए पंडाल सजा रहे युवक की हाईटेंशन करंट से दर्दनाक मौत हो गई। जिसके बाद परिजनों में हाहाकार मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
बता दे की गांव निवासी 23 वर्षीय मिथिलेश कुमार के पिता रामदुलार व उसकी मां की पहले ही मौत हो चुकी है। 3 भाईयों में सबसे छोटा मिथिलेश अभी पढ़ाई करता था। रविवार को संत रविदास जयंती होने के चलते गांव में जयंती धूमधाम से मनाई जाने वाली थी। जिसके लिए पंडाल सजाया जा रहा था और कमेटी का अध्यक्ष मिथिलेश ही था। शनिवार की दोपहर में कुछ लड़के प्रतिमा खरीदने गए थे तो कुछ लड़के पंडाल बनाने में व्यस्त थे। मिथिलेश भी अपने साथी राज, राकेश, अजीत, साहिल, दिनेश आदि के साथ पंडाल सजाने में जुटा था। इस बीच वो एक लोहे की पाइप लेकर उसे गाड़ने गया। राकेश आदि ने मना किया कि ऊपर से 11 हजार वोल्ट का हाईटेंशन तार गुजरा है, वहां पोल न गाड़ो। लेकिन वो नहीं माना और पोल खड़ा करने चला गया। इस बीच जैसे ही उसने पोल को ऊपर किया, वो सीधे 11 हजार वोल्ट के करंट की जद में आकर वहीं झुलसकर गिर गया। ये देख उसके साथी दौड़े और उसे फौरन सैदपुर सीएचसी लेकर आए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। घटना की जानकारी होने पर परिजन रोते बिलखते पहुंचे। मृतक की मौत के बाद उसकी भाभी अस्पताल पहुंचे। उसके दोनों भाई बाहर काम कर परिवार का भरण पोषण करते थे। सूचना पाकर वो भी घर के लिए रवाना हो गए हैं। वहीं गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।




