मटर तोड़ने को लेकर हुए विवाद में दो पक्ष आमने-सामने - खूनी संघर्ष

 मटर तोड़ने को लेकर हुए विवाद में दो पक्ष आमने-सामने  - खूनी संघर्ष

रेवतीपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के अब्दुलाहपुर मौजा में आज मंगलवार को मामूली विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। मटर तोड़ने को लेकर हुए विवाद में दो पक्ष आमने-सामने आ गए, जो देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। इस बवाल में एक ही पक्ष के 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिससे गांव में अफरा-तफरी मच गई।घटना के बाद घायलों के परिजनों में चीख-पुकार मच गई, वहीं पूरे घटनाक्रम का एक लाइव वीडियो भी सामने आया है, जिसमें साफ तौर पर देखा जा सकता है कि हमलावर लाठी-डंडों से बेरहमी से हमला कर रहे हैं।इस हिंसक झड़प में बालकृष्ण यादव (22),हिमांशु (20),विजयी यादव (50),श्रीकांत (45),पंकज (24),मुकेश (18) गंभीर रूप से घायल हो गे।ग्रामीणों और परिजनों की मदद से सभी घायलों को आनन-फानन में रेवतीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने मुकेश को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी, जबकि पांच अन्य की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल गाजीपुर रेफर कर दिया गया।पुलिस मौके पर, हालात काबू में
घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक राजू दिवाकर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस सतर्कता बरत रही है।नामजद तहरीर, हमलावर फरार
घायल विजयी यादव के पुत्र रविशंकर यादव ने पुलिस को दी तहरीर में आधा दर्जन से अधिक लोगों को नामजद करते हुए दर्जनों अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।तहरीर में बताया गया कि विजयी यादव होमगार्ड के पद पर सुहवल थाने में तैनात हैं। ड्यूटी से लौटने के बाद वे अपने परिजनों के साथ खेत में मटर तोड़ रहे थे, तभी पचास से अधिक की संख्या में पहुंचे हमलावरों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से अचानक हमला कर दिया।आरोप है कि शोर मचाने पर हमलावर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।प्रभारी निरीक्षक राजू दिवाकर ने बताया कि घटना की सूचना मिली है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।